मुर्गों से क्रूरता पड़ी महंगी: 3 वाहन जब्त, 48 हजार जुर्माना,DM के आदेश पर पशुपालन और नगर निगम की संयुक्त टीम का छापा
(संवाददाता दैनिक एनकाउंटर समाचार)
देहरादून। जिलाधिकारी देहरादून के जन शिकायत निवारण दिवस में मिली शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार 5 जून 2026 को मच्छी बाजार में मुर्गों के साथ हो रही क्रूरता के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया।
पशुपालन विभाग ने वरिष्ठ पशुचिकित्साधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की। टीम में पशुचिकित्साधिकारी डॉ. तनुषा, नगर निगम पशुचिकित्सा अनुभाग और SPCA सदस्य कुनाल ग्रोवर शामिल रहे।
संयुक्त टीम ने सुबह 6 बजे से तहसील बाजार, मच्छी बाजार, मोती बाजार और मातावाला बाग में स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वाहनों और दुकानों पर मुर्गियों को उतारते समय अमानवीय व्यवहार, पशु कल्याण नियमों का उल्लंघन, बिना बिल मुर्गियां लाना, वाहनों में गंदगी और ओवरलोडिंग जैसी अनियमितताएं पाई गईं।
नियमों के उल्लंघन पर तहसील चौक और मोती बाजार से मुर्गियों से भरे 3 वाहनों को जब्त कर नगर निगम परिसर लाया गया। संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी कर भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की सख्त चेतावनी दी गई। अधिकांश वाहन हरियाणा नंबर के थे।
कार्रवाई के दौरान कुल 48,000 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। जांच में 2 मुर्गी वाहन सभी दस्तावेजों के साथ सही हालत में भी मिले।
नगर निगम के पशुचिकित्सा अनुभाग ने बताया कि अब मीट की दुकानों में मुर्गियों के प्रति अमानवीय व्यवहार मिलने पर साप्ताहिक अभियान चलाया जाएगा। नियम तोड़ने पर वाहन और दुकान दोनों सीज करने की कठोर कार्रवाई की जाएगी।
