खाकी का बुजुर्गों को सलाम,डालनवाला पुलिस ने सुनी पेंशनर्स की समस्याएं
(दैनिक एनकाउंटर समाचार)
देहरादून। कोतवाली डालनवाला प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने सामुदायिक पुलिसिंग की मिसाल पेश करते हुए एक सराहनीय पहल की है। क्षेत्र में रहने वाले सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को थाने बुलाकर उनके साथ संवाद किया गया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
थानाध्यक्ष डालनवाला की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पुलिस पेंशनर्स शामिल हुए। इस दौरान पेंशन, मेडिकल सुविधा, पारिवारिक सुरक्षा और अन्य प्रशासनिक दिक्कतों को लेकर पेंशनर्स ने खुलकर अपनी बात रखी।
पुलिस अधिकारियों ने सभी समस्याओं को नोट किया और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। जिन मामलों में उच्च स्तर से कार्रवाई जरूरी थी, उनके त्वरित निस्तारण का भरोसा दिलाया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि विभाग अपने सेवानिवृत्त जवानों के साथ हमेशा खड़ा है।
पुलिस पेंशनर्स ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रिटायरमेंट के बाद भी विभाग का इस तरह ध्यान रखना मनोबल बढ़ाता है। बैठक के बाद सभी पेंशनर्स को जलपान भी कराया गया।
कोतवाली डालनवाला प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने कहा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी हमारे परिवार का हिस्सा हैं। उनके अनुभव हमारे लिए धरोहर हैं। उनकी हर समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता है। आगे भी ऐसे संवाद कार्यक्रम जारी रहेंगे।
