शामली पुलिस कार्यालय में पेंशनर गोष्ठी: SP ने मांगे सुझाव, कहा- आपके अनुभव से मजबूत होगी पुलिस व्यवस्था
(कमल बंसल)
शामली। पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जनपद के पुलिस पेंशनरों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई । गोष्ठी के दौरान सभी पेंशनरों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनकी कुशलक्षेम जाना तथा उनसे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।
पुलिस अधीक्षक शामली ने कहा कि पुलिस पेंशनर विभाग के अभिन्न अंग हैं तथा उनका अनुभव वर्तमान पुलिस बल के लिए सदैव प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शक है । उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेंशनरों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पेंशन, चिकित्सा, अभिलेखों एवं अन्य विभागीय कार्यों से संबंधित किसी भी समस्या का त्वरित समाधान कराया जाए ।
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने पेंशनरों से विभाग एवं जनहित से जुड़े विषयों पर भी सुझाव प्राप्त किए तथा उनके अनुभवों का लाभ पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में लेने पर बल दिया । पुलिस एवं पेंशनरों के मध्य निरंतर संवाद बना रहना आवश्यक है, जिससे विभागीय समन्वय एवं आपसी विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके ।
इस अवसर पर उपस्थित पेंशनरों द्वारा पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ऐसे संवाद कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की गई । गोष्ठी सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सभी पेंशनरों के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद भविष्य की कामना की गई । गोष्ठी के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शामली सहित पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा जनपद के पुलिस पेंशनर उपस्थित रहे ।
