डालनवाला पुलिस की त्वरित कार्रवाई: ग्राइंडर से गेट काटकर चोरी करने वाला 67 वर्षीय आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, चोरी का गेट बरामद
(दैनिक एनकाउंटर समाचार)
देहरादून। डालनवाला कोतवाली पुलिस ने ग्राइंडर मशीन से मकान का लोहे का गेट काटकर चोरी करने के आरोप में 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया गेट बरामद कर लिया है।
घटना का विवरण:
दिनांक 19.06.2026 को वादिनी श्रीमती गुलनार बानो, पत्नी श्री उस्मान खान, निवासी-139, अंबेडकर मार्ग, डीएल रोड, देहरादून ने थाना डालनवाला में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि दिनांक 12.06.2026 को वह सपरिवार किसी काम से बाहर गई थीं। अगले दिन शाम को घर लौटने पर पाया कि घर का लोहे का गेट गायब है। वादिनी ने आशंका जताई कि यह कृत्य उनसे रंजिश रखने वाले पड़ोसी तनवीर अहमद खान, पुत्र स्व. मंजूर अहमद खान, निवासी-7/1, डीएल रोड का हो सकता है।
वादिनी की तहरीर के आधार पर थाना डालनवाला में तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 100/2026, धारा 303(2) बीएनएस बनाम तनवीर अहमद खान पंजीकृत किया गया। विवेचना चौकी प्रभारी नालापानी, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह को सौंपी गई।
पुलिस कार्रवाई:
घटना के शीघ्र अनावरण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके क्रम में प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली डालनवाला द्वारा पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तनवीर अहमद खान, पुत्र स्व. मंजूर अहमद खान, निवासी-7/1, नालापानी रोड, देहरादून वादिनी के घर का गेट ग्राइंडर मशीन से काटता हुआ दिखाई दिया। इस आधार पर पुलिस टीम ने तनवीर अहमद को पूछताछ हेतु चौकी नालापानी लाया।
पूछताछ में अभियुक्त ने लोहे का गेट चुराने की बात स्वीकार की। अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी किया गया लोहे का गेट सहस्त्रधारा रोड, हिल व्यू अपार्टमेंट, दुर्गा एन्क्लेव-2 के पास स्थित बंद प्लॉट से बरामद किया गया। अभियुक्त को दिनांक 20.06.2026 को गिरफ्तार कर आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम-पता:
तनवीर अहमद खान, पुत्र स्व. मंजूर अहमद खान, निवासी-7/1, नालापानी रोड, थाना डालनवाला, जनपद देहरादून, उम्र 67 वर्ष।
बरामदगी:
1 अदद 6×6 फीट का लोहे का गेट।
अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
पुलिस टीम:
1. उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, कोतवाली डालनवाला, जनपद देहरादून
2. हेड कांस्टेबल 542 रणजीत भण्डारी, कोतवाली डालनवाला, देहरादून
3. कांस्टेबल 1495 जसवीर सिंह, कोतवाली डालनवाला, देहरादून
4. कांस्टेबल 1020 रामेन्द्र सिंह राणा, कोतवाली डालनवाला, देहरादून
